- पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गोष्ठी आयोजित, पौधारोपण का लिया संकल्प
रैपुरा/चित्रकूट
ब्यूरो रिपोर्ट _ आशीष उपाध्याय
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी वन रेंज रैपुरा अपूर्व श्रीवास्तव के सहयोग से बुन्देली प्रकाश समिति संस्थान चित्रकूट द्वारा चित्रकूट जनपद के वन रेंज रैपुरा अंतर्गत अगरहुडा ग्राम पंचायत स्थित वन विभाग की नर्सरी में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में उपस्थित संस्थान की संस्थापक संचालिका श्री मती सहोद्रा देवी तथा प्रबंधक अशीष उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते वन क्षेत्र के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की नर्सरी का अवलोकन भी किया गया तथा विभिन्न प्रजातियों के पौधों की जानकारी दी गई। उपस्थित वन कर्मियों वा ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया। गोष्ठी के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक रूप से पौधारोपण करने का संकल्प लिया। इस दौरान वन विभाग के शिवभूषण सिंह वैद्य, विदेहराज सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।