25 हजार का इनामी हत्यारोपी छोटकू गिरफ्तार चित्रकूट पुलिस ने महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट _ आशीष उपाध्याय
चित्रकूट। थाना कोतवाली कर्वी पुलिस ने छात्रा मुस्कान की हत्या एवं डकैती के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी छोटकू पुत्र मोहर्रम निवासी कुर्मीन का पुरवा, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशाम्बी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कान्त राय एवं क्षेत्राधिकारी नगर सतेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक राजेश कुमार व उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2024 को ग्राम कसहाई में छात्रा मुस्कान की हत्या के मामले में कोतवाली कर्वी में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस और एसओजी की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छात्रा की हत्या कर उसके आभूषण, नकदी और अन्य सामान लूट लिया था। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि छोटकू फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर 4 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने पुणे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मुख्य आरक्षी इकरार अहमद, आरक्षी धर्मेंद्र सिंह एवं आरक्षी शिवम यादव शामिल रहे।