लेखपालों की समस्याओं के समाधान के लिए हर माह होगी बैठक_ डीएम
ब्यूरो रिपोर्ट _ आशीष उपाध्याय
चित्रकूट। आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देश पर बुधवार को जिलाधिकारी ने लेखपालों की समस्याओं के समाधान के संबंध में बैठक की। बैठक में लेखपाल संघ ने एसीपी, कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड, एनपीएस खाते, एग्रीस्टैक मानदेय सहित विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) को निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर समस्याओं का जल्द निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लेखपालों के विरुद्ध लंबित निलंबन जैसी कार्रवाई पर भी नियमानुसार सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि अब लेखपालों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के पहले बुधवार को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहित लेखपाल संघ के पदाधिकारी एवं अनेक लेखपाल उपस्थित रहे।