मऊ तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ संपन्न

मऊ तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ संपन्न

धारा 24 के नाप के अंतर्गत पत्थरगढ़ी उखाड़ने वालों के विरुद्ध दर्ज होगी तत्काल एफआईआर: जिलाधिकारी

राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें स्थलीय निरीक्षण कर भूमि विवादों का करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण

महिला संबंधी प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें थाना प्रभारी: पुलिस अधीक्षक

शासन के मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आज मऊ तहसील सभागार में जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग की अध्यक्षता मे एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्युत, चकबंदी, पैमाइश (पत्थरगड़ी), चकरोड एवं जलभराव (नाले) आदि विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी  पुलकित गर्ग ने भू-राजस्व अधिनियम की धारा-24 (पैमाइश) के अंतर्गत पत्थरगढ़ी उखाड़ने के मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जनपद में विधिक पैमाइश के पश्चात पत्थरगढ़ी उखाड़ने का कोई भी प्रकरण संज्ञान में आता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाए। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त दो पत्थरगढ़ी उखाड़ने की सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया कि जिन लेखपालों के क्षेत्रों से अत्यधिक जनशिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनकी जवाबदेही व जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आज के समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का लेखपाल क्षेत्रवार अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

भूमि विवादों के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करे और मौके पर जाकर पारदर्शी व स्थायी निस्तारण सुनिश्चित कराए। उन्होंने उप जिलाधिकारी मऊ एव उपस्थित अधिकारियों को सचेत किया कि समस्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित थाना प्रभारियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्ण कुमार सिंह ने जनपद में सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनपद में पूरी मुस्तैदी के साथ कानून का शासन स्थापित रखा जाए और सभी पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित जो भी प्रकरण अथवा शिकायतें प्राप्त होती हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

इसी क्रम में जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मऊ में संपूर्ण समाधान दिवस में 101 प्रार्थना पत्र में 8, कर्वी में 94 में 8, राजापुर 61 में 5, मानिपुर, 86 में 2 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार त्रिपाठी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी
मनोहर लाल धर्मन, उप जिलाधिकारी मऊ  आर आर रमन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *