जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदाकिनी अतिथि गृह का संयुक्त निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदाकिनी अतिथि गृह का संयुक्त निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

चित्रकूट, 18 जुलाई 2026

ब्यूरो रिपोर्ट – आशीष उपाध्याय

जिलाधिकारी  पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक  अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को जनपद चित्रकूट के ग्राम कालूपुर स्थित मंदाकिनी अतिथि गृह का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं कराए गए मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा ₹15.72 लाख की लागत से अतिथि गृह की मरम्मत, अनुरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण कराया गया है। इस कार्य के अंतर्गत खिड़कियों एवं दरवाजों की पॉलिश, क्षतिग्रस्त कांच एवं दरवाजों का प्रतिस्थापन, ट्यूबलाइट एवं पंखों का नवीनीकरण, क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल का निर्माण, भवन के आंतरिक एवं बाह्य भाग की रंगाई-पुताई, क्षतिग्रस्त साइन बोर्ड का प्रतिस्थापन तथा मुख्य प्रवेश द्वार की बाउंड्री वॉल पर मधुबनी पेंटिंग का कार्य कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अतिथि गृह में उपलब्ध कुर्सियों एवं डाइनिंग टेबल की उच्च गुणवत्ता के साथ पॉलिश कराई जाए। उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिथि गृह की बुकिंग एवं उपयोग से संबंधित मासिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित की जाए। साथ ही उन्होंने अतिथि गृह पर स्पष्ट एवं आकर्षक सूचना-पट्ट (साइन बोर्ड) स्थापित कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि विभिन्न सामाजिक, पारिवारिक एवं शासकीय आयोजनों के लिए मंदाकिनी अतिथि गृह की उपलब्ध सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करते हुए इसकी बुकिंग कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *