अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस से पहले रैपुरा में जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण का लिया संकल्प

अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस से पहले रैपुरा में जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण का लिया संकल्प

चित्रकूट

ब्यूरो रिपोर्ट – आशीष उपाध्याय

चित्रकूट। आगामी अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस (29 जुलाई) के उपलक्ष्य में रानीपुर टाइगर रिजर्व की रैपुरा रेंज द्वारा सरदार पटेल इंटर कॉलेज, रैपुरा में बाघ एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं उसके सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर “वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं वन्यजीव प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के जूनियर एवं सीनियर वर्ग से चयनित शीर्ष तीन-तीन प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। जिला स्तर पर विजयी प्रतिभागियों को 29 जुलाई, अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर सम्मानित अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
यह जागरूकता कार्यक्रम क्षेत्रीय वनाधिकारी अपूर्व श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में वन दरोगा धीरेंद्र प्रताप सिंह, अजय यादव, सुश्री करिश्मा यादव तथा वन रक्षक शिवम कुमार, दानचंद्र पटेल सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को बाघों एवं वन्यजीवों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि “बाघ बचेगा, तभी जंगल बचेगा और जंगल सुरक्षित रहेंगे तो पर्यावरण एवं मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *