डीएम चित्रकूट अभिषेक आनंद को “समग्र शिक्षा में प्रधानमंत्री अवार्ड से दिल्ली में प्रधानमंत्री जी द्वारा सम्मानित किया जाएगा
दिनांक 21 अप्रैल, 2023 को नई दिल्ली में आयोजित सिविल सर्विस डे के अवसर पर मा० प्रधानमंत्री, भारत सरकार के कर कमलों द्वारा जिलाधिकारी, चित्रकूट अभिषेक आनंद को “समग्र शिक्षा में प्रधानमंत्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं जैसे बाउन्ड्रीवाल छात्र-छात्राओं के लिए पृथक-पृथक शौचालय, विद्यालयों में क्लास रूम में टायल्स, फर्नीचर, सोलर पैनल, विद्युत कनेक्शन, शुद्ध पेयजल हेतु आर०ओ० सबमर्सिबल पम्प इत्यादि उपलब्ध कराया गया है तथा छात्र छात्राओं को एक समान और समावेशी कक्षा के वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद के 280 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास / स्मार्ट टेलीवीजन का अभिनव प्रयोग किया गया है। विद्यालयों में समस्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने आदि के लिए जिला प्रशासन के इस अभियान से छात्रो के नामांकन में वृद्धि के साथ ही छात्राओं के नामांकन में अधिक वृद्धि हुई है और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है, जिसके लिए यह अवार्ड दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों में सहायक शिक्षण सामग्री (टी०एल०एम०) तथा स्टेट रिसोर्स ग्रुप, एकेडमिक रिसोर्स परसन, विशेष शिक्षको, नोडल शिक्षकों व स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के सहयोग से शत-प्रतिशत दिव्यांग बच्चों का चिन्हाकन, नामांकन व बाधारहित वातावरण प्रदान कर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है साथ ही जनपद स्तर पर स्थापित किये गये कन्ट्रोल रूम के माध्यम से शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की समीक्षा की जा रही है, जिससे पठन-पाठन व बच्चों के ठहराव में वृद्धि हुई है तथा शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार हुआ है।
जिलाधिकारी चित्रकूट एवं उनकी टीम द्वारा किये गये अथक प्रयासों से जनपद के अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई गयी, जिससे विद्यालयों के भौतिक परिवेश के साथ-साथ विद्यालयो में अध्ययनरत छात्र / छात्राओं के शैक्षणिक विकास में वृद्धि हुई है।